चार्ली किर्क की हत्या के बाद डांस करने पर ट्रोल हुए डोनाल्ड ट्रंप, लोगों ने कहा- असंवेदनशील
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अपने करीबी राइटविंग एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की हत्या के एक दिन बाद न्यूयॉर्क में एक बेसबॉल मैच के दौरान ‘YMCA’ गाने पर डांस करने को लेकर उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ लोगों ने उनकी इस हरकत का समर्थन भी किया है।
YMCA पर डांस, लोगों ने की हूटिंग
ट्रंप न्यूयॉर्क में यांकीज़ के मैच को देखने पहुंचे थे। जैसे ही ‘YMCA’ गाना बजा, ट्रंप अपनी कुर्सी पर बैठे-बैठे ही डांस करने लगे और कई बार तो खड़े होकर भी झूमते दिखे। उनके इस व्यवहार पर वहीं मौजूद लोगों के एक हिस्से ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी, जबकि कुछ अन्य लोग उनका लुत्फ उठाते दिखे।
ट्रंप का यह डांस वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग उन्हें खूब ट्रोल कर रहे हैं। चार्ली किर्क की हत्या पर ट्रंप ने दुख जताया था और हत्यारे को कड़ी सजा दिलाने का वादा भी किया था, लेकिन उसके अगले ही दिन उनके इस तरह के व्यवहार को लोग असंवेदनशील बता रहे हैं।
मैच शुरू होने से पहले न्यूयॉर्क यांकीज़ टीम ने चार्ली किर्क को श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा था। वहीं, सोशल मीडिया पर ट्रंप के इस व्यवहार को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। चार्ली के समर्थक ट्रंप से बेहद नाराज हैं और उन्हें संवेदनहीन बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने कहा है कि शायद वे 9/11 की बरसी और किर्क की मौत के बाद सदमे में डूबे देशवासियों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।
Also Read: कंगना रनौत ने किसान मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट से वापस ली याचिका

