Donald Trump’s Statement: यूक्रेन की मदद के बदले दुर्लभ खनिजों की मांग पर अड़े डोनाल्ड ट्रंप, दिया बड़ा बयान
Donald Trump’s Statement: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में अमेरिका ने नई शर्तें रख दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका का सैन्य और आर्थिक समर्थन जारी रखने के बदले यूक्रेन को अपनी धरती पर पाए जाने वाले दुर्लभ खनिज तत्वों तक अमेरिका को पहुंच देने पर सहमति जतानी होगी। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “हमने यूक्रेन की काफी मदद की है, लेकिन अब हम बदले में कुछ चाहते हैं। उनके पास दुर्लभ खनिज तत्व हैं और हम उनका संरक्षण चाहते हैं।”
यूक्रेन तैयार समझौते के लिए
ट्रंप ने संकेत दिया कि उन्हें यूक्रेन सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा, “यूक्रेन हमारी मांगों के अनुसार समझौता करने को तैयार है। उनके पास आधुनिक तकनीकी विकास के लिए महत्वपूर्ण खनिज हैं। हम उन तत्वों को सुरक्षित करना चाहते हैं।”
युद्ध खत्म करने की कोशिशें जारी

डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने की दिशा में भी बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, “हम इस बेतुके युद्ध को रोकने जा रहे हैं। इस दिशा में हमने प्रगति की है। देखते हैं कि क्या होता है।”
जेलेंस्की ने दी प्रतिक्रिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस मुद्दे पर कहा कि उनके देश की उपस्थिति के बिना अमेरिका और रूस के बीच कोई भी समझौता अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा, “हमारी टीम ट्रंप प्रशासन के संपर्क में है, लेकिन चर्चाएं अभी प्रारंभिक स्तर पर हैं। हमें इस पर और काम करने की जरूरत है।” बता दे, डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान ने वैश्विक राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यूक्रेन दुर्लभ खनिज तत्वों के बदले अमेरिकी मदद को स्वीकार करता है या नहीं।
Also Read: चीन ने ट्रंप को दिया करारा जवाब, अमेरिकी उत्पादों पर लगाया टैरिफ, गूगल जांच के घेरे में

