‘AI से न डरें, बच्चों को तकनीक में बढ़ाएं आगे’, बुलंदशहर में जयंत चौधरी ने दिया तरक्की का मंत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बुलंदशहर के लुहारली गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों को भरोसा दिलाया कि अमेरिका के साथ हुए कृषि समझौते से भारतीय किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी।
अमेरिका से माल आएगा नहीं, बल्कि वहां जाएगा
विपक्ष और किसानों की चिंताओं पर विराम लगाते हुए जयंत चौधरी ने स्पष्ट किया कि इस समझौते का मतलब यह है कि भारत के कृषि उत्पाद अमेरिकी बाजारों तक पहुंचेंगे, न कि वहां का माल यहां आकर हमारे किसानों को नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने गर्व से कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद भारत के किसान अमेरिका के किसानों के मुकाबले कहीं अधिक मेहनती और शानदार हैं।
AI से घबराएं नहीं, बच्चों को तकनीक में आगे बढ़ाएं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ती चर्चाओं पर जयंत चौधरी ने कहा कि इससे किसान या कामगारों के रोजगार को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, उन्होंने सलाह दी कि किसानों को समय के साथ चलना चाहिए और अपने बच्चों को एआई और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाना चाहिए ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहें।
सामाजिक एकता और राजनीति पर बोले जयंत
उन्होंने लोगों से जाति-पाति के चंगुल से बाहर निकलने की अपील की। जयंत बोले सोच का दायरा बढ़ाएं और हिंदू-मुस्लिम के बीच की दूरियों को खत्म कर देश को मजबूत करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रालोद के विधायकों की बातों को गंभीरता से सुनते हैं और उन्हें पूरा सम्मान मिलता है। भाजपा के साथ गठबंधन पर उन्होंने साफ किया कि एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही फैसला होगा।
कौशल विकास के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
अमरोहा के कौशल महोत्सव में भी जयंत चौधरी ने शिरकत की। यहां उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस बार युवाओं और कौशल विकास पर खास ध्यान दिया है। कौशल विकास मंत्रालय के बजट में 62% की वृद्धि की गई है, जो अब करीब 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शिक्षा के लिए ₹1.5 लाख करोड़ का आवंटन युवाओं पर सरकार के भरोसे को दिखाता है। उत्तर प्रदेश के करीब एक करोड़ छोटे और कुटीर उद्योगों को इस बजट का सीधा फायदा मिलेगा।
इससे पूर्व, जयंत चौधरी ने लुहारली में शहीद सूबेदार रंजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रालोद के तमाम बड़े नेता और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के खिलाफ AAP कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

