‘सिर्फ फॉर्मेलिटी मत पूरी करो’, शशि थरूर का चुनाव आयोग पर तीखा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच चल रही तकरार अब और भी तीखी हो गई है। सोमवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चुनाव आयोग से साफ शब्दों में कहा कि वह राहुल गांधी द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों का जवाब दे, न कि सिर्फ औपचारिकताएं पूरी करे।
‘आयोग को अपने ही आंकड़ों पर गौर करना चाहिए’
बिहार में वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के विरोध में हुए मार्च के दौरान शशि थरूर ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी ने जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब भी गंभीरता से ही मिलना चाहिए।” थरूर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जवाब देने के बजाय, शपथपत्र जैसी गैर-जरूरी औपचारिकताओं पर जोर दे रहा है।
थरूर ने कहा कि राहुल गांधी जिन आंकड़ों का जिक्र कर रहे हैं, वे खुद चुनाव आयोग के ही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आयोग को अपने ही आंकड़ों पर ध्यान देना चाहिए और लोगों के मन में उठ रही शंकाओं को दूर करना चाहिए।
‘लोगों को जवाब पाने का पूरा अधिकार है’
थरूर ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग को बिना किसी औपचारिकता में पड़े, लोगों के मन में उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।
शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, “आज इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन में मौजूद हूं। हम सभी चुनाव आयोग से पूछ रहे हैं कि आखिर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों का जवाब वह गंभीरता से क्यों नहीं दे रहा है।” उन्होंने कहा कि लोगों को उनके सभी सवालों का जवाब पाने का पूरा अधिकार है।
Also Read: लोकसभा से पास हुआ खेल प्रशासन विधेयक, मनसुख मांडविया बोले- आजादी के बाद का सबसे बड़ा सुधार

