‘पिच को मत छेड़ो, शमी को बुलाओ…’, उम्मीद है गौतम गंभीर सुन रहे होंगे, सौरव गांगुली की कड़ी नसीहत
Sandesh Wahak Digital Desk: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के हाथों 30 रन की हार के बाद टीम इंडिया की रणनीति, पिच चयन और बॉलिंग कॉम्बिनेशन पर बहस तेज हो गई है।
सिर्फ तीन दिनों में मैच खत्म होने के बाद सवाल उठने लगे कि आखिर भारत की पारंपरिक ताकत स्पिन में क्या अब कमजोरियां नजर आने लगी हैं?
इसी बीच क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टीम मैनेजमेंट को सख्त और स्पष्ट सलाह दी है।

“पिच को मत छेड़ो, बस खेलो” — गांगुली का बड़ा बयान
ईडन की आलोचना पर जवाब देते हुए गांगुली ने कहा कि पिच बिल्कुल वैसी ही थी, जैसी टीम इंडिया ने खुद मांगी थी। लेकिन उन्होंने यह भी साफ कहा कि घरेलू मैदान पर पिचों से छेड़छाड़ बंद होनी चाहिए।
गांगुली ने कहा—
“पिच ऐसी होनी चाहिए जिस पर बल्लेबाज भी खेलें और गेंदबाजों को भी मदद मिले। जिस पर 350+ रन बनें और गेंदबाज विकेट भी निकालें।”
उन्होंने इशारों में बताया कि टीम मैनेजमेंट को हर बार ‘स्पेशल’ पिच की मांग करने के बजाय अपनी तैयारी और संयोजन पर ध्यान देना चाहिए।
“शमी को बुलाओ… उम्मीद है गंभीर सुन रहे होंगे”
गांगुली ने टीम इंडिया के बॉलिंग अटैक पर सीधा तंज कसते हुए गौतम गंभीर को नसीहत दी—
“बुमराह और सिराज शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन मोहम्मद शमी को भी टीम में वापस लाना चाहिए। शमी मैच जिताने वाले गेंदबाज हैं।”
गांगुली ने साफ कहा कि भारतीय टीम को अपनी सीम-स्ट्रेंथ पर भरोसा करना होगा, न कि पिच को अपनी कमजोरियों के हिसाब से बदलना।
उनके इस बयान से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह गंभीर की पिच रणनीति से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

