आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिहार जा रही डबल डेकर बस पलटी, दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत, 15 घायल
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से सवारियां लेकर बिहार जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर घटित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। तड़के सुबह जब अचानक बस बेकाबू होकर पलटी, तो सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई मुसाफिर सीधे एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरे, जिससे उन्हें बेहद गंभीर चोटें आईं।
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल हैं। मृतक दरोगा की शिनाख्त रामचंद्र के रूप में हुई है, जो बिहार के सिवान जिले के रहने वाले थे। दरोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को कानूनी कागजी कार्रवाई के सिलसिले में दिल्ली लेकर गए थे और उसी बस से वापस लौट रहे थे, तभी दोनों काल के गाल में समा गए।
लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किए गए घायल
भीषण एक्सीडेंट की खबर मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए कई यात्रियों को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। कुछ यात्रियों का इलाज उन्नाव के जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का मानना है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से गाड़ी से नियंत्रण खो गया होगा।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, मुआवजे का एलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और नियमानुसार पीड़ितों व मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
Also Read: दिल्ली में 2 महंगी हुई CNG, पेट्रोल 102 और डीजल 95 रुपये के पार

