जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी डॉ. शाहीन के पास मिले तीन पासपोर्ट, पाकिस्तान की तीन यात्राओं की पुष्टि
Sanesh Wahak DIgital Desk: दिल्ली धमाके और फरीदाबाद में विस्फोटक बरामदगी के बाद गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल की अहम सदस्य डॉ. शाहीन (Dr Shaheen) को लेकर जांच एजेंसियों को बड़े सुराग मिले हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, डॉ. शाहीन के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट पाए गए हैं और इन तीनों पासपोर्ट पर उसने पाकिस्तान की कुल तीन यात्राएं की हैं।
तीन पासपोर्ट, तीन पते
दरअसल जांच में सामने आया है कि डॉ. शाहीन के पास मौजूद पासपोर्ट तीन अलग-अलग पते पर बनाए गए हैं। जिसमें पहला पासपोर्ट जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के पते पर, दूसरा पासपोर्ट लखनऊ के पते पर और तीसरा पासपोर्ट फरीदाबाद के पते पर है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि तीनों पासपोर्ट पर अभिभावक के नाम अलग-अलग दर्ज हैं। एक में पिता, दूसरे में पति और तीसरे में भाई का नाम। सबसे नए पासपोर्ट में उसका भाई डॉ. परवेज अंसारी अभिभावक के रूप में दर्ज है और इसमें इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ कैंपस का पता दिया गया है, जहां डॉ. परवेज नौकरी करता था। इन्हीं वजहों से अब जांच एजेंसियां कानपुर मेडिकल कॉलेज से लेकर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी और फरीदाबाद तक हर पहलू की गहराई से जांच कर रही हैं। डॉ. परवेज से जुड़े दस्तावेजों को इकट्ठा कर उनका सत्यापन किया जा रहा है।

2013 में थाईलैंड और छह अन्य देशों की यात्राएं
जांच में यह भी सामने आया है कि डॉ. शाहीन ने न केवल पाकिस्तान बल्कि छह अन्य देशों की यात्राएँ भी की हैं। 2013 में कानपुर की नौकरी छोड़ने के बाद वह थाईलैंड गई थी। वहीं उसका भाई डॉ. परवेज वर्ष 2021 से पहले तीन वर्ष तक मालदीव में रह चुका है। इन सभी यात्राओं के उद्देश्य और संपर्कों की जाँच की जा रही है।
वहीं डॉ. शाहीन और डॉ. आरिफ का आतंक से जुड़ाव सामने आने के बाद जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के कई डॉक्टर सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं। दो से तीन डॉक्टर ऐसे हैं जिनकी जीवनशैली, पहनावे और व्यवहार में अचानक बदलाव देखे गए हैं। सूत्रों के अनुसार, ये डॉक्टर पहले काफी सामाजिक थे, लेकिन अब अकेले रहने लगे हैं। उनकी यात्राओं, मिलने-जुलने वालों, आयोजनों में शामिल होने और छुट्टियों के रिकॉर्ड तक की जांच की जा रही है। रविवार को भी एजेंसियों ने मेडिकल कॉलेज में उनसे जुड़े दस्तावेज खंगाले।
फरीदाबाद मॉड्यूल की जाँच में नए खुलासों की संभावना
वहीं डॉ. शाहीन के तीन पासपोर्ट, पाकिस्तान यात्राओं और कई देशों में आवाजाही से जांच एजेंसियों को संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क काफी गहरा और संगठित हो सकता है। फरीदाबाद से लेकर दिल्ली धमाके तक की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश जारी है, और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read: Sonbhadra News: खदान हादसे में 5 मजदूरों की मौत की पुष्टि, दस की तलाश जारी

