DRDO का कर्मचारी निकला ISI एजेंट, गोपनीय जानकारी भेजते पकड़ा गया
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान में देश के महत्वपूर्ण रक्षा संस्थानों में से एक, डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) के एक संविदा कर्मचारी को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम महेंद्र प्रसाद है, जो जैसलमेर की चंदन फील्ड फायरिंग रेंज के पास DRDO गेस्ट हाउस में मैनेजर के रूप में काम करता था।
राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि महेंद्र प्रसाद सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में है। वह मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण के लिए फायरिंग रेंज में आने वाले DRDO के वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों की आवाजाही से जुड़ी गोपनीय सूचनाएँ पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
खुफिया एजेंसियों ने महेंद्र प्रसाद को जयपुर बुलाकर पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में पता चला कि वह DRDO और भारतीय सेना से संबंधित संवेदनशील जानकारी लगातार पाकिस्तान भेज रहा था। इन गंभीर आरोपों के आधार पर, 32 वर्षीय महेंद्र प्रसाद (निवासी अल्मोड़ा, उत्तराखंड) को 12 अगस्त को शासकीय गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बनने से पहले की गई है। इस घटना से यह बात फिर उजागर हुई है कि किस तरह विदेशी खुफिया एजेंसियां संवेदनशील ठिकानों पर काम करने वाले लोगों को निशाना बनाती हैं। अधिकारियों ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: Rajasthan: खाटू श्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, 11 की…

