बरेली में मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा, STF ने 5 तस्करों से 65 लाख की अफीम की बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6.5 किलोग्राम अवैध अफीम (अन्तरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 65 लाख रुपये) बरामद की गई है।
एसटीएफ ने इन तस्करों को 11 मार्च 2025 को बरेली के बिथरी चौनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने 12:15 बजे इन तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्करों के नाम और पते:
- अनिल कुमार दांगी – पुत्र इन्द्रजीत दांगी, निवासी ग्राम परखन, पोस्ट गिधोर, जनपद चतरा, झारखंड
- आजाद अहमद – पुत्र हमीद अहमद, निवासी बहादुरपुर खादर, पोस्ट लक्सर, जनपद हरिद्वार, उत्तराखंड
- प्रेमपाल – पुत्र तेजपाल, निवासी ग्राम व पोस्ट मझगवां, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली
- अनिल कश्यप – पुत्र पप्पू कश्यप, निवासी ग्राम व पोस्ट मझगवां, थाना विशारतगंज, जनपद बरेली
- राजेन्द्र पाल – पुत्र मैकूलाल, निवासी ग्राम बिवनी, थाना अलीगंज, जनपद बरेली
बरामदगी:
6.5 किलोग्राम अफीम (अन्तरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 65 लाख रुपये)
04 मोबाइल फोन
1,300 रुपये नकद
ट्रक नंबर – HR 58 C 7788
पूछताछ में खुलासा
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनका गिरोह पिछले तीन वर्षों से झारखंड से अवैध मादक पदार्थ लाकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों में सप्लाई कर रहा है। इस बार वे बरेली में तस्करों को अफीम की खेप देने आए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि इससे उन्हें भारी मुनाफा होता है।
एसटीएफ को पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों की जानकारी मिल रही थी। इसी के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के नेतृत्व में एसटीएफ की फील्ड यूनिट बरेली ने एक टीम गठित की। इस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना बिथरी चौनपुर, जनपद बरेली में मु०अ०सं० 125/2025 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ की इस बड़ी कामयाबी से मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
Also Read: Lucknow News: होटल में मिली विदेशी महिला की लाश, तफ्तीश में जुटी पुलिस


