भारी बारिश के चलते लखनऊ के सभी स्कूल आज बंद, बच्चों को भेजा गया वापस
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। सोमवार सुबह से ही हो रही तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बड़ा निर्णय लेते हुए सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों पर आदेश लागू
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जारी आदेश के मुताबिक कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल, चाहे वे सरकारी हों या निजी, आज दिनांक 4 अगस्त 2025 को पूरी तरह से बंद रहेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि यह निर्णय सिर्फ बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
कुछ स्कूलों में सुबह-सुबह बसें और वैन बच्चों को लेकर निकल चुकी थीं। आदेश जारी होने के बाद सभी स्कूल प्रबंधन को तुरंत बच्चों को सुरक्षित वापस घर भेजने के निर्देश दिए गए। अभिभावकों को भी मैसेज और फोन कॉल के जरिए सूचित किया गया।
भारी बारिश ने बढ़ाई परेशानी
लखनऊ शहर के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है। अलीगंज, चारबाग, हजरतगंज, इंदिरा नगर और आलमबाग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जगह-जगह पानी भरने से यातायात भी बाधित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों तक लखनऊ सहित आसपास के जिलों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
प्रशासन की अपील – घर से बाहर निकलने से बचें
जिलाधिकारी ने अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे बच्चों को बारिश और जलभराव से बचाने के लिए स्कूल न भेजें और तब तक सतर्क रहें, जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता।

