डुमरियागंज समाधान दिवस: डीएम की दो-टूक, बोले- शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों के सामने हो जांच

सिद्धार्थनगर: जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए डुमरियागंज तहसील में आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक सैय्यदा खातून और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने जनता की शिकायतों को विस्तार से सुना।

दोनों पक्षों की मौजूदगी में हो फैसला

जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि अक्सर शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता की कमी रह जाती है। इसलिए अब किसी भी मामले की जांच करते समय शिकायतकर्ता और विपक्षी, दोनों को मौके पर बुलाया जाए और उनकी मौजूदगी में ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने पिछली शिकायतों की आख्या (रिपोर्ट) का भी बारीकी से निरीक्षण किया और कुछ मामलों में तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके पर जांच के आदेश दिए।

लेखपालों को सख्त निर्देश: रजिस्टर रखें अपडेट

राजस्व विभाग के कामकाज पर जोर देते हुए डीएम ने कानूनगो और लेखपालों को निर्देशित किया कि वे ‘भूमि संपत्ति रजिस्टर’ और ‘भूमि विवाद रजिस्टर’ अनिवार्य रूप से तैयार कर लें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी विभाग का प्रकरण बिना किसी ठोस कारण के लंबित पाया गया, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर हुआ शिकायतों का निस्तारण

राजस्व: 41 मामले (इनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया)

पुलिस विभाग: 9 मामले

विकास विभाग: 4 मामले

अन्य: 7 मामले

शेष बचे 53 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए डीएम ने 3 दिन के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण करने का अल्टीमेटम दिया है।

बैठक में मौजूद रहे आला अधिकारी

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एसडीएम राजेश कुमार, सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पी.डी. नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी और तहसील क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Lucknow News: ज्वेलरी शॉप से अंगूठियां लेकर भागने वाला सुमित मिश्रा गिरफ्तार, अंगूठियां और कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.