‘सपा के राज में भू-माफिया करते थे सरकारी संपत्तियों पर कब्ज़ा’, अखिलेश यादव पर ब्रजेश पाठक का करारा वार

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को एक प्रेस वार्ता में पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव ‘बुलडोजर’ की बात करते हैं, जबकि इस बुलडोजर ने उन माफियाओं की कमर तोड़ी है, जिन्होंने सपा सरकार के संरक्षण में अवैध कमाई की थी और सरकारी संपत्तियों पर कब्ज़ा किया था।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश को किसानों की बात नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उन्हें किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान सरकारी खजाने से पैसा खर्च करके मुंबई से कलाकार बुलाए जाते थे और सैफई में नाच-गाना होता था, लेकिन किसानों की कोई सुध नहीं ली जाती थी। पाठक ने अखिलेश को आत्ममंथन करने की सलाह दी।

कानून-व्यवस्था और फर्जी वोट पर आरोप

पाठक ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश दंगा-मुक्त है, और अपराधी व माफिया राज्य छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि सपा ने पीलीभीत और मुरादाबाद में सरकारी संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्ज़ा कर रखा है।

फर्जी वोटर के मुद्दे पर पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव को यह मुद्दा उठाने का कोई हक नहीं है, क्योंकि उनके शासनकाल में वोटर लिस्ट में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां हुई थीं। उन्होंने 2012 के चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार में लोगों को वोट डालने से रोका गया था और वोटर लिस्ट से उनके नाम हटा दिए गए थे।

‘विकास केवल कुछ जिलों तक सीमित’

उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश पर विकास को केवल कुछ जिलों तक सीमित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने लखनऊ मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि अखिलेश ने जिस मेट्रो का उद्घाटन किया था, उसमें एक भी यात्री नहीं बैठा था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया गया है, और सभी 75 जिलों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है।

पाठक ने कहा कि सपा सरकार में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद चरम पर था। युवाओं को नौकरी पैसे देकर मिलती थी, जबकि आज युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में खनन माफिया और ठेकों में लूट आम बात थी। अंत में, पाठक ने कहा कि अखिलेश के आरोप उनकी बौखलाहट का नतीजा हैं, क्योंकि सपा की सरकार केवल परिवार और माफिया तक सीमित थी, जबकि भाजपा की सरकार गरीबों और किसानों के लिए काम कर रही है।

Also Read: ‘सपा सरकार में लूटा गया प्रदेश का खजाना’, ओपी राजभर का अखिलेश यादव तीखा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.