कोलकाता और बंगाल के कई जिलों में भूकंप के तेज झटके, दफ्तरों से बाहर भागे लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: शुक्रवार दोपहर करीब 1:22 बजे कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के अनुसार, भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था, जिसकी तीव्रता 5.3 मापी गई। कोलकाता में इसकी तीव्रता 5.0 के करीब रही।

दोपहर का समय होने के कारण ज्यादातर लोग अपने ऑफिसों और घरों में थे। जैसे ही झटके महसूस हुए, खिड़की-दरवाजे और पंखे हिलने लगे। लोग घबराहट में इमारतों से बाहर निकलकर खुले रास्तों पर जमा हो गए। हावड़ा की एक युवती ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, सब कुछ अचानक हिलने लगा, कुछ सेकंड तक तो समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। हम सब बहुत डर गए थे।

केंद्रीय मंत्री की सभा में भी दिखा असर

भूकंप के समय का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाषण के बीच में ही जब झटके लगे, तो मंच और वहां लगे कैमरे तेजी से हिलने लगे। सुकांत मजूमदार खुद भी असहज दिखे और उन्होंने लोगों से इस बारे में पूछा। हालांकि, गनीमत रही कि अब तक कहीं से भी जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं आई है। भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल के कई जिलों में महसूस किए गए, जिनमें दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा और हुगली, पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर शामिल हैं।

Also Read: अवनीश अवस्थी को फिर मिला सेवा विस्तार, अब एक और साल बने रहेंगे मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.