दाऊद के करीबी सलीम डोला के ड्रग सिंडिकेट पर ED का शिकंजा, मुंबई में 8 ठिकानों पर छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला से जुड़े ड्रग्स सिंडिकेट पर शिकंजा कस दिया है। अवैध कमाई का पता लगाने के लिए ED ने बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत मुंबई में 8 ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
फैसल शेख नेटवर्क और सलीम डोला कनेक्शन
ED की यह छापेमारी मुख्य रूप से फैसल जावेद शेख और अल्फिया फैसल शेख द्वारा चलाए जा रहे ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अवैध कमाई को ट्रैक करने के लिए की गई है। शुरुआती जाँच में यह सामने आया है कि फैसल शेख, कुख्यात ड्रग तस्कर सलीम डोला के माध्यम से एमडी (MD) जैसे खतरनाक ड्रग्स की खरीद-फरोख्त कर रहा था।
मुंबई पुलिस के अनुसार, सलीम डोला दाऊद इब्राहिम के उस भरोसेमंद समूह का हिस्सा है जो भारत में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को संभालता है। उस पर न केवल मादक पदार्थों की तस्करी बल्कि अवैध नेटवर्क को फंडिंग करने के भी गंभीर आरोप हैं।
सलीम डोला का नाम पहले भी बड़े ड्रग्स केस में सामने आ चुका है, जिसमें मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 100 किलो फेंटानिल ड्रग्स जब्त की थी।
बेटे का प्रत्यर्पण: जाँच में पता चला है कि सलीम के बेटे ताहिर और भांजे मुस्तफा भी इस अवैध कारोबार में उसकी मदद करते थे। ताहिर को इसी साल जून में अबू धाबी से भारत लाया गया था। मुंबई पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से ताहिर के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था, जिसके बाद उसे यूएई में गिरफ्तार किया गया और प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत लाया गया।

