TMC चंदा विवाद में ED की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कोलकाता समेत 5 ठिकानों पर छापेमारी
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बैंक खातों और चुनावी चंदे को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। ईडी की कई टीमों ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में एक साथ छापेमारी की।
सॉल्ट लेक, राजारहाट और राधाबाजार समेत कुल पांच ठिकानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में तलाशी ली जा रही है। यह पूरा मामला टीएमसी के खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
अभिषेक बनर्जी की यात्राएं जांच के केंद्र में
जांच के दौरान ईडी की टीमें सबसे पहले केयरवेल एविएशन नाम की चार्टर्ड एविएशन कंपनी के निदेशकों के घर पहुंचीं। एजेंसी को संदेह है कि इसी कंपनी के प्राइवेट विमान और हेलीकॉप्टर टीएमसी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के दौरों में इस्तेमाल किए गए।
सॉल्ट लेक में रहने वाले कंपनी के निदेशक पवन जाजू और राजेश जाजू से बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है। राजारहाट और राधाबाजार स्थित कंपनी के दफ्तरों की भी तलाशी ली जा रही है।
खाते फ्रीज कराने से शुरू हुआ मामला
विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब टीएमसी के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने खुद बैंक को पत्र लिखकर कुछ खातों को फ्रीज करने की मांग की थी। इसके बाद साइबर क्राइम ब्रांच में वित्तीय गबन की शिकायत दर्ज हुई। मामला तब और बढ़ा जब जयनगर से भाजपा विधायक ने तीन निजी बैंक खातों में भारी गड़बड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया।
इस पूरे विवाद पर टीएमसी नेता रीतब्रत बनर्जी ने दावा किया कि चार्टर्ड फ्लाइट्स का लाखों-करोड़ों रुपये का किराया इन्हीं संदिग्ध पैसों से चुकाया गया। फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ी कार्रवाई संभव मानी जा रही है।

