निकाय भर्ती घोटाला में पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस के ठिकानों पर ED की छापेमारी, 6 जगहों पर तलाशी जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को निकाय संस्थाओं में भर्ती में कथित अनियमितताओं की जाँच के सिलसिले में मंत्री बोस से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।

ईडी ने मंत्री की संपत्ति सहित कोलकाता में कुल छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि ईडी की टीमें साल्ट लेक स्थित मंत्री के आवास-सह-कार्यालय और दमदम नगर पालिका के पूर्व अधिकारियों के घरों पर छापेमारी कर रही हैं।

2010 से 2021 तक उपाध्यक्ष रहे हैं बोस

तृणमूल कांग्रेस के नेता सुजीत बोस पर यह छापेमारी कथित नगर निकाय भर्ती घोटाले के सिलसिले में हो रही है। जानकारी के अनुसार, सुजीत बोस 2010 से 2021 तक दक्षिण दमदम नगर पालिका के उपाध्यक्ष थे। ईडी इस घोटाले से जुड़े दस्तावेज जुटाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

यह कथित तौर पर दूसरी बार है जब केंद्रीय एजेंसी ने इस जाँच के सिलसिले में मंत्री के कार्यालय पर छापा मारा है। इससे पहले, जनवरी 2024 में भी ईडी ने बोस के आवास पर छापेमारी की थी और उनसे 12 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी राज्य सरकार की याचिका

गौरतलब है कि ईडी और सीबीआई दोनों ही नगर निकायों द्वारा की गई भर्तियों में अनियमितताओं की जाँच कर रही हैं। यह मामला अगस्त 2023 में तब सुर्खियों में आया था जब सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले की सीबीआई जाँच को चुनौती देने वाली पश्चिम बंगाल सरकार की याचिका को खारिज कर दिया था। सीबीआई भी पहले नदिया, हुगली और उत्तर 24 परगना जिलों के कई नगर निकायों पर छापेमारी कर चुकी है।

Also Read: अयोध्या में विस्फोट से 5 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.