आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज किया भ्रष्टाचार का केस, मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को भी बनाया आरोपी
Rampur News: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित हेरफेर और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में आजम खान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। यह एफआईआर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डिप्टी डायरेक्टर की शिकायत पर रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज कराई गई है, जिसमें मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को भी बतौर आरोपी शामिल किया गया है।
जेल में हुई पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद एक्शन
इससे पहले, ईडी की लखनऊ जोनल ऑफिस की एक टीम ने रामपुर जिला जेल पहुंचकर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान से लंबी पूछताछ की थी और उनका बयान दर्ज किया था। यह पूरी कार्रवाई उस व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसके तहत 19 अगस्त को ईडी ने उत्तर प्रदेश (रामपुर व सहारनपुर) और दिल्ली में स्थित आज़म खान से जुड़े लगभग 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इनमें जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के परिसर भी शामिल थे।
केंद्रीय जांच एजेंसी के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ कॉन्ट्रैक्टर्स और ट्रस्ट के बीच संदिग्ध वित्तीय लेन-देन हुआ है। आरोप है कि सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स से मिलने वाले फंड को सुनियोजित तरीके से प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर्स के माध्यम से डायवर्ट किया गया और उस धन का इस्तेमाल मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट तथा जौहर यूनिवर्सिटी के लिए संपत्ति और भारी डोनेशन के रूप में किया गया। फिलहाल, ईडी इस मामले में अपराध से अर्जित आय, फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स और डिजिटल सबूतों की गहराई से पड़ताल कर रही है।
Also Read: आत्मसम्मान की लड़ाई के लिए घेर सकते है थाना-तहसील: कौशल किशोर

