ED ने अनिल धीरुभाई अंबानी ग्रुप की 1,400 करोड़ रुपए की संपत्तियां कीं जब्त

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) पर अपना शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले समूह की 1,400 करोड़ रुपये मूल्य की नई अचल संपत्तियों को जब्त किया है। इस नए कदम के साथ, ईडी द्वारा जब्त की गई एडीएजी समूह की संपत्तियों का कुल मूल्य बढ़कर करीब 9,000 करोड़ रुपये हो गया है।

ईडी यह कार्रवाई ऐसे समय में कर रही है, जब रिलायंस एडीएजी के चेयरमैन अनिल अंबानी फेमा (FEMA) जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए भेजे गए समन को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। अनिल अंबानी को 17 नवंबर को जयपुर-रींगस हाईवे प्रोजेक्ट से जुड़ी फेमा जाँच में दूसरी बार दिल्ली मुख्यालय में पेश होना था, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया और वर्चुअल पेशी का प्रस्ताव रखा, जिसे जाँच एजेंसी ने खारिज कर दिया। इससे पहले 14 नवंबर को भी अनिल अंबानी ईडी के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए थे।

क्या है फेमा जाँच का मामला

ईडी सूत्रों के अनुसार, यह फेमा जाँच उन आरोपों के बाद शुरू हुई थी, जिनमें कहा गया था कि रिलायंस इंफ्रा ने 2010 में मिले हाइवे प्रोजेक्ट के लगभग 40 करोड़ रुपये को सूरत स्थित फर्जी कंपनियों के माध्यम से दुबई भेज दिया था।

Also Read: नीतीश कैबिनेट में 31 मंत्रियों ने ली शपथ, कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश बने मंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.