800 करोड़ के GST घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, रांची में छह ठिकानों पर छापेमारी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 800 करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को ईडी ने रांची शहर के छह ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह छापेमारी घोटाले के मास्टरमाइंड माने जा रहे कोलकाता के रहने वाले शिव कुमार देवड़ा के नेटवर्क से जुड़े लोगों के ठिकानों पर हो रही है।

ईडी की एक टीम ने रांची के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पीपी कंपाउंड में स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में कारोबारी कृष्णा ठक्कर के ठिकाने पर दबिश दी है। इसके साथ ही, शहर के पांच अन्य स्थानों पर भी एक साथ जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कोलकाता और मुंबई में भी इसी सिलसिले में कुछ जगहों पर छापेमारी चल रही है।

फर्जी बिल और टैक्स क्रेडिट का दुरुपयोग

यह छापेमारी जीएसटी घोटाले की शुरुआती जांच में मिले सबूतों और दस्तावेजों के आधार पर हो रही है। इस मामले में पहले जमशेदपुर के विक्की भालोटिया, ज्ञानचंद्र जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और कोलकाता के शिव कुमार देवड़ा, अमित गुप्ता और सुमित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था।

ईडी की पूछताछ में यह सामने आया था कि इन लोगों ने फर्जी कंपनियों के जरिए बिना किसी वास्तविक व्यापार के कागजी बिल बनवाए और बड़े पैमाने पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत तरीके से इस्तेमाल किया। जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि इस अवैध धंधे में और भी कई लोग शामिल हैं, जिन्होंने इसे बढ़ाने में मदद की।

आने वाले दिनों में हो सकती हैं और गिरफ्तारियां

प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद अब ईडी ने दूसरे दौर की कार्रवाई शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इस छापेमारी के बाद जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Also Read: Ayodhya News: तीन दिन से लापता युवक का शव नहर में मिला, बाजार से लौटते समय हुआ था गायब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.