Lucknow News: निलंबित IAS अभिषेक प्रकाश के करीबी पर ED का शिकंजा, निकांत जैन के ठिकानों पर छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: निलंबित आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश के करीबी निकांत जैन पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कसा है। ईडी की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत निकांत जैन के लखनऊ स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई के केंद्र में निकांत जैन का गोमती नगर स्थित आवास है, जहां ईडी की टीम गहन जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल, निकांत जैन जेल में बंद है।

क्या है पूरा मामला?
निकांत जैन पर आरोप है कि उसने ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तत्कालीन सीईओ और निलंबित आईएएस अभिषेक प्रकाश के लिए एक सोलर कंपनी से कमीशन की मांग की थी। इस शिकायत के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने निकांत को गोमती नगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एक निवेशक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मार्च में उत्तर प्रदेश सरकार ने 2006 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को निलंबित कर दिया था।
ED की छापेमारी में क्या मिला?
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत निकांत जैन से जुड़े चार परिसरों की तलाशी ली जा रही है। इन परिसरों में निकांत जैन का घर, उनके और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी कंपनियों के कार्यालय के तौर पर पंजीकृत दो ठिकाने, और एक होटल शामिल है। इस होटल में जैन के परिवार के सदस्य संयुक्त निदेशक हैं।
Also Read: UP News: आज से 3 दिन तक महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा, साथी का भी टिकट माफ

