ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 1xBet मामले में ED का शिकंजा, युवराज सिंह और सोनू सूद को समन

Sandesh Wahak Digital Desk: अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस केस में कई बड़े नामचीन फिल्मी सितारों और क्रिकेटरों को समन भेजा जा रहा है। अब ईडी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए बुलाया है।

ईडी के मुताबिक, युवराज सिंह को 23 सितंबर को दिल्ली मुख्यालय में पेश होना होगा, जबकि सोनू सूद को 24 सितंबर को बुलाया गया है। इस लिस्ट में क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का नाम भी शामिल है, जिन्हें 22 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

ये बड़े नाम भी आ चुके हैं घेरे में

इससे पहले, ईडी इस मामले में क्रिकेटर शिखर धवन, सुरेश रैना और हरभजन सिंह से भी पूछताछ कर चुकी है। हाल ही में बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा भी ईडी दफ्तर पहुँचे थे और टीएमसी की पूर्व सांसद व अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती से भी एजेंसी सवाल-जवाब कर चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी समन भेजा गया था, लेकिन उन्होंने अभी तक ईडी को यह नहीं बताया है कि वह पूछताछ में शामिल होंगी या नहीं। एजेंसी उनके जवाब का इंतजार कर रही है। इन सभी हस्तियों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का प्रचार करने का आरोप है।

Also Read: Azamgarh News: सपा विधायक रमाकांत यादव को एक साल का सश्रम कारावास, 18 साल पुराने मामले में कोर्ट का फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.