AAP नेताओं पर ED का शिकंजा, घोटालों में तीन नए मनी लॉन्ड्रिंग केस हुए दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रडार पर आ गए हैं। ईडी ने दिल्ली सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए तीन बड़े कथित घोटालों अस्पताल निर्माण, सीसीटीवी परियोजना और शेल्टर होम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के नए केस दर्ज किए हैं। इन मामलों में इन्फोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर ली गई है और सूत्रों के अनुसार, जल्द ही आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को पूछताछ के लिए समन भेजा जा सकता है।
5,590 करोड़ का अस्पताल निर्माण घोटाला
पहला और सबसे बड़ा मामला 5,590 करोड़ रुपये के अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ा है। इसमें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। साल 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 आईसीयू अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी थी, जिन्हें छह महीने में पूरा किया जाना था। लेकिन, तीन साल बाद भी ये परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। अब तक करीब 800 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन काम सिर्फ 50% ही पूरा हुआ है। इसके अलावा, एलएनजेपी अस्पताल की लागत 488 करोड़ से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है।
571 करोड़ का सीसीटीवी घोटाला
दूसरा मामला 571 करोड़ रुपये के सीसीटीवी घोटाले से संबंधित है। 2019 में दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 1.4 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना थी। यह ठेका भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BHEL) को दिया गया था, लेकिन परियोजना समय पर पूरी नहीं हुई। चौंकाने वाली बात यह है कि भेल पर लगाया गया 17 करोड़ रुपये का जुर्माना बाद में बिना किसी स्पष्ट कारण के माफ कर दिया गया था।
207 करोड़ की गड़बड़ी का DUSIB शेल्टर होम घोटाला
तीसरा मामला दिल्ली अर्बन शेल्टर इंप्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) से जुड़ी परियोजनाओं में 207 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का है। आरोप है कि फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट रसीदों के ज़रिए 207 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई। लॉकडाउन के दौरान, कागजों में दिखाया गया कि 250 करोड़ रुपये का शेल्टर होम का काम ‘घोस्ट वर्कर्स’ (फर्जी कर्मचारियों) के नाम पर किया गया। आरोप है कि इन कर्मचारियों की सैलरी कमीशन के रूप में नेताओं तक पहुंचाई गई।
Also Read: UP News: फेक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कसेगा शिकंजा, CM योगी ने दिए सख्त एक्शन के आदेश

