Mau News: मुख्तार अंसारी के करीबी पूर्व सांसद अतुल राय पर ED का शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति जब्त

Sandesh Wahak Digital Desk: माफिया मुख्तार अंसारी के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में ईडी ने माफिया और घोसी के पूर्व सांसद रहे अतुल राय की 4.18 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। यह बड़ी कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है, जिसके तार दिल्ली से लेकर वाराणसी और गाजीपुर तक फैले हुए हैं।

मुख्तार से जुड़े आपराधिक संबंध और संपत्ति का खुलासा

ईडी की जांच में सामने आया है कि अतुल राय और मुख्तार अंसारी के बीच आपराधिक संबंध थे। जब्त की गई संपत्ति अतुल राय और जितेंद्र सापरा (जो मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जाता है) की कंपनी मेसर्स स्पेक्ट्रम इंफ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई थी। इस संपत्ति में दिल्ली का एक फ्लैट, वाराणसी के तीन प्लॉट और गाजीपुर की दो कृषि जमीनें शामिल हैं।

ईडी ने यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला मऊ के दक्षिण टोला पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर दर्ज किया था। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

सरकारी जमीन पर कब्जा: मुख्तार अंसारी के परिवार की कंपनी मेसर्स विकास कंस्ट्रक्शन ने मऊ के रैनी गांव में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था।

गोदाम और किराया: इस सरकारी जमीन पर गोदाम बनाया गया और उसे भारतीय खाद्य निगम (FCI) को किराए पर दे दिया गया। इस गोदाम से कंपनी को लगभग 15.31 करोड़ रुपये का किराया मिला।

सब्सिडी का खेल: गोदाम बनाने के लिए नाबार्ड से 2.25 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी हासिल की गई।

पुराने साझेदारों से हड़पे पैसे: जांच में यह भी पता चला कि विकास कंस्ट्रक्शन ने अपने पुराने साझेदारों से लगभग 3.10 करोड़ रुपये हड़प लिए थे।

अतिफ रजा का कनेक्शन: मुख्तार अंसारी के साले आतिफ रजा ने एफसीआई से हैंडलिंग और परिवहन शुल्क के रूप में 7.05 करोड़ रुपये लिए थे। इस तरह, कुल मिलाकर 27.72 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई थी।

पैसे का लेन-देन और कंपनियों का जाल

जांच में यह भी सामने आया है कि विकास कंस्ट्रक्शन ने 8.49 करोड़ रुपये मुख्तार अंसारी के ससुर की कंपनी आगाज प्रोजेक्ट एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स इनिजियो नेटवर्क सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में जमा किए थे। ये दोनों कंपनियां मुख्तार अंसारी और उनके परिवार के सदस्यों व करीबियों की थीं।

बाद में, यह रकम पूर्व सांसद अतुल राय की कंपनियों मेसर्स कुसुम विजन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स स्पेक्ट्रम इंफ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स कुसुम कंस्ट्रक्शंस एंड टेलीकॉम सर्विसेज के बैंक खातों में भी भेजी गई।

Also Read: यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को मिल सकता है सेवा विस्तार, राज्य सरकार ने भेजी सिफारिश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.