लखनऊ में ईद की सुरक्षा अभेद्य: 5 जोन, 18 सेक्टर और 2 हजार जवानों का पहरा, ड्रोन से रखेंगे नजर
Sandesh Wahak Digital Desk: नवाबों के शहर लखनऊ में ईद-उल-फितर के पावन पर्व पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘फुलप्रूफ’ सुरक्षा चक्र तैयार कर लिया है। शहर को 5 जोन और 18 सेक्टरों में बांटकर चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दी गई है। ऐशबाग ईदगाह से लेकर टीले वाली मस्जिद तक, सुरक्षा ऐसी है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
ड्रोन और CCTV से ‘तीसरी आंख’ का पहरा
नमाज के प्रमुख स्थलों—टीले वाली मस्जिद, आसिफी इमामबाड़ा और ऐशबाग ईदगाह—पर आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम को सीधे सीसी कैमरों से जोड़ दिया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।
सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल स्ट्राइक’ की तैयारी
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने साफ चेतावनी दी है कि इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (X) पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा। इसके लिए 8 विशेष टीमें गठित की गई हैं। 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में पुलिस की डिजिटल विंग सक्रिय रहेगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के नेतृत्व में शहर की गलियों में अर्धसैनिक बलों ने रूट मार्च किया। सुरक्षा बेड़े में शामिल हैं।
राजपत्रित अधिकारी: 15
अराजपत्रित अधिकारी: 1000
PAC और SSB: 14 कंपनी पीएसी और 1 कंपनी एसएसबी।
एंटी रोमियो स्क्वायड: संवेदनशील इलाकों और बाजारों में मुस्तैद।
शांति की अपील और मेल-मिलाप
पुलिस के आला अधिकारियों ने हजरतगंज, मेट्रो स्टेशन और प्रमुख बाजारों में चेकिंग अभियान चलाने के साथ-साथ धर्मगुरुओं से मुलाकात कर उन्हें मुबारकबाद दी। पुलिस ने आम जनता से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
Also Read: Kaushambi News: देश की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी साजिश का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार, 5 नाबालिग भी शामिल

