लगातार तीन बार पास की UPSC परीक्षा, जानें कौन हैं तीसरी रैंक लाने वाले एकांश ढुल

Sandesh Wahak Digital Desk: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सर्विसेज एग्जाम (CSE) 2025 के फाइनल परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल अनुज अग्निहोत्री ने देश में पहला स्थान हासिल किया है, वहीं हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले एकांश ढुल ने ऑल इंडिया तीसरी रैंक (AIR-3) प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी यह सफलता अचानक नहीं मिली है, बल्कि लगातार प्रयास और दृढ़ संकल्प का नतीजा है।

लगातार तीन बार पास की UPSC परीक्षा

एकांश ढुल की सफलता उनके निरंतर प्रयास की कहानी भी बताती है। उन्होंने इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की थी। साल 2024 में उन्हें 342वीं रैंक मिली थी, जबकि 2025 में उन्होंने 295वीं रैंक हासिल की। इसके बाद 2026 में घोषित परिणाम में उन्होंने ऑल इंडिया तीसरी रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि लगातार मेहनत और धैर्य से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।

लगातार तीन बार पास की UPSC परीक्षा, जानें कौन हैं तीसरी रैंक लाने वाले एकांश ढुल

राजनीतिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाला परिवार

एकांश ढुल एक प्रबुद्ध और शिक्षित परिवार से आते हैं। उनके पिता कृष्ण ढुल हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ नेता, प्रवक्ता और हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। वहीं उनकी मां निर्मल ढुल पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। ऐसे माहौल में पले-बढ़े एकांश को शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों का मजबूत संस्कार मिला।

एकांश ढुल की शुरुआती पढ़ाई चंडीगढ़ में हुई। उन्होंने 10वीं की पढ़ाई भवन विद्यालय से पूरी की और 12वीं की शिक्षा सेंट कबीर पब्लिक स्कूल से हासिल की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे दिल्ली गए, जहां उन्होंने प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से बीए ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी बधाई

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एकांश ढुल की इस उपलब्धि पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन कर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एकांश जैसे युवाओं की सफलता विकसित भारत के सपने को साकार करने में मजबूत स्तंभ का काम करेगी। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफल हुए सभी 958 उम्मीदवारों को देश सेवा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

 

Also Read: UP कांग्रेस कार्यालय में सजा होली मिलन समारोह, अविनाश पाण्डेय और अजय राय ने दी बधाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.