मिर्जापुर से चुनावी शंखनाद: पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी AAP, संजय सिंह ने बीजेपी को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ‘चलो काशी, चलो सारनाथ’ पदयात्रा का दूसरा दिन मिर्जापुर की सड़कों पर हंगामेदार रहा। हाथ में तिरंगा और युवाओं के भविष्य की चिंता लिए संजय सिंह का काफिला जब आगे बढ़ा, तो उन्होंने बेरोजगारी से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक पर मोदी सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।
पदयात्रा के मुख्य बिंदु
संजय सिंह ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार और भत्ते के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने यूपी के स्कूलों की बदहाली पर दुख जताते हुए मांग की कि सरकारी स्कूलों की हालत जल्द सुधारी जाए ताकि गरीब के बच्चे को भी अच्छी शिक्षा मिले।
यात्रा के दौरान उन्होंने समाज में फैले भेदभाव और ऊंच-नीच को खत्म कर ‘सामाजिक समरसता’ यानी भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही। सांसद ने साफ़ कर दिया कि उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
भ्रष्टाचार और वोटिंग पर वार
संजय सिंह ने SIR मामले में खुलेआम भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट कम होने के डर से बीजेपी अब हर बूथ पर 200 नए वोट जोड़ने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को लगा रही है। विपक्ष की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ ‘झुनझुना बजाने’ के लिए छोड़ दिया गया है।
बीएलओ पर दबाव का आरोप
राजस्थान के एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां के बीजेपी विधायक बीएलओ (BLO) पर वोट काटने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने एक बीएलओ का हवाला देते हुए कहा कि कर्मचारी जान देने को तैयार है लेकिन गलत काम नहीं करेगा।
ईरान में भारतीय पोर्ट बंद होने की खबरों पर संजय सिंह ने पीएम मोदी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा “मोदी जी ने हर क्षेत्र में भारत का सम्मान गिराने का काम किया है। अमेरिका बच्चों की तरह धमकी दे रहा है और ट्रंप के दबाव में आकर चोरी-छुपे ईरान का पोर्ट बंद कर दिया गया। समझ नहीं आता कि मोदी जी भारत की सरकार चला रहे हैं या अमेरिका के बंधुआ मजदूर की तरह काम कर रहे हैं।”
Also Read: भुवनेश्वर में अखिलेश यादव का ‘हेल्थ विजन’: बोले- यूपी में इमरजेंसी सेवाएं खुद इमरजेंसी में हैं

