चुनाव आयोग ने ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया, जानिए किसे कितना फायदा मिलेगा
Sandesh Wahak Digital Desk: चुनाव आयोग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह फैसला उन हजारों कर्मचारियों और अधिकारियों की कड़ी मेहनत और सेवा को सम्मान देने के लिए लिया गया है, जो चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
चुनाव के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों के कई विभागों के कर्मचारी, सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी और अन्य लोग कई महीनों तक लगातार काम करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने 2014-16 के बाद पहली बार मानदेय में यह बड़ी वृद्धि की है।
जानें किसे कितना फायदा मिलेगा
पीठासीन अधिकारी और मतगणना पर्यवेक्षक: इनका मानदेय ₹350 से बढ़कर 500 रुपये प्रतिदिन या एकमुश्त 2000 रुपये हो गया है।
मतदान अधिकारी: अब इन्हें 250 रुपये की जगह 400 रुपये प्रतिदिन या एकमुश्त 1600 रुपये मिलेंगे।
मतगणना सहायक: इन्हें अब 250 रुपये की जगह 450 रुपये प्रतिदिन या एकमुश्त 1350 रुपये दिए जाएंगे।
क्लास-4 कर्मचारी (विभिन्न ड्यूटी के लिए): इनका मानदेय 200 रुपये से बढ़कर 350 रुपये प्रतिदिन या एकमुश्त 1400 रुपये हो गया है।
कॉल सेंटर/कंट्रोल रूम के क्लास-4 कर्मचारी: इन्हें 200 रुपये प्रतिदिन की जगह अब एकमुश्त 1000 रुपये मिलेंगे।
माइक्रो ऑब्जर्वर: इन्हें मिलने वाला मानदेय 1000 रुपये से बढ़ाकर एकमुश्त 2000 रुपये कर दिया गया है।
सुरक्षाकर्मी (पुलिस, होम गार्ड आदि): मतदान और मतगणना केंद्रों पर तैनात इन कर्मचारियों के भोजन और रिफ्रेशमेंट के लिए प्रतिदिन 150 रुपये की जगह अब 500 रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा, फ्लाइंग स्क्वाड, मीडिया मॉनिटरिंग कमिटी और वीडियो निगरानी टीम में काम करने वाले कर्मचारियों का मानदेय भी बढ़ाया गया है। डिप्टी जिला निर्वाचन अधिकारी को अब कम से कम एक महीने के बेसिक वेतन के बराबर भुगतान मिलेगा। सीएपीएफ के अधिकारियों और अन्य रैंक के जवानों के मानदेय में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की गई है।
Also Read: Kanpur News: बिठूर में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह का भव्य समापन

