‘बिजली विभाग कोई बनिए की दुकान नहीं’, ऊर्जा मंत्री की अधिकारियों को कड़ी फटकार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई बयान नहीं, बल्कि उनका एक सख्त लहजे वाला वीडियो है जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री शर्मा बिजली संकट पर अफसरों की लापरवाही को लेकर सख्त नजर आ रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता हमें गालियां दे रही है और अफसर अंधे-बहरे बनकर बकवास सुना रहे हैं।

लखनऊ की बैठक में फूटा गुस्सा

यह वीडियो दरअसल लखनऊ के शक्ति भवन में हुई एक समीक्षा बैठक का है, जहां ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अफसरों की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा मैं बकवास सुनने नहीं आया हूं। आप लोग अंधे-बहरे बनकर बैठे हैं। जनता परेशान है, और हमें गालियां मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों पर ये भी आरोप लगाया कि वो फील्ड की जमीनी हकीकत से बिल्कुल कटे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन उपभोक्ताओं ने समय पर बिल भरा है, उनकी क्या गलती है अगर पूरे गांव की बिजली काट दी जाती है?

बिलिंग और भ्रष्टाचार पर भी सख्त रुख

ऊर्जा मंत्री ने बिलिंग गड़बड़ियों को लेकर भी अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा बिजली विभाग कोई बनिए की दुकान नहीं है, यह जनसेवा है। गलत बिल, फालतू FIR और झूठी रिपोर्टों ने जनता की नाक में दम कर रखा है। मंत्री ने 72 करोड़ रुपये के बिल की एक घटना का जिक्र किया, जो एक आम उपभोक्ता को थमा दिया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बिल ठीक कराने के बदले रिश्वत ली जाती है, जो सीधा-सीधा भ्रष्टाचार है।

बदनाम करने की सुपारी ली है क्या?

बैठक के दौरान मंत्री ने तल्ख लहजे में पूछा “क्या बिजली विभाग ने मुझे और सरकार को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है?” उन्होंने दो टूक कहा कि अब अनदेखी नहीं चलेगी। जो अधिकारी फील्ड में नहीं जाएंगे और जनशिकायतों को नजरअंदाज करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर पहले से थे निशाने पर

हाल ही में एके शर्मा का “जय श्रीराम” वाला जवाब, और बिहार चुनाव में बिजली बिल माफी को लेकर दिया गया तंज भी चर्चा में रहा था। वहीं, नोएडा से गाजीपुर तक बिजली कटौती और फाल्ट के लगातार मामले सोशल मीडिया पर उबाल का विषय बने हुए हैं। इस नए वीडियो के सामने आने के बाद एके शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार एक ऐसे मंत्री के रूप में जो जनता के सवालों को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं और अफसरों से दो टूक बात कर रहे हैं।

 

Also Read: ‘ये कांवड़िये नहीं बल्कि सत्ता…’, स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान के बाद बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.