Electricity Safety Day: लखनऊ में बिजली कर्मचारियों को दिया गया सुरक्षा उपकरणों का प्रशिक्षण, भावुक अपील ने छुआ दिल
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मध्य क्षेत्र में मंगलवार को विद्युत सुरक्षा दिवस पर एक अहम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बिजली विभाग के अधिकारियों ने आउटसोर्स कर्मचारियों को सुरक्षा के महत्व से रूबरू कराया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सीढ़ी, रेस्क्यू किट जैसे जरूरी उपकरणों के सही इस्तेमाल के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सुरक्षा उपकरणों के बिना काम करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी लापरवाही करता है, तो उसे पहले तीन बार चेतावनी दी जाएगी, और चौथी बार नौकरी से हटाया जा सकता है।
मुख्य अभियंता ने कर्मचारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा,
“आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा है। हम नहीं जानते कि एक छोटी सी गलती कब बड़ी दुर्घटना में बदल जाए। इसलिए हमेशा सतर्क रहें और सुरक्षा उपकरणों का पूरा उपयोग करें।”
इस अवसर पर कर्मचारियों की काउंसलिंग भी की गई, जिसमें उन्हें इंसुलेटेड दस्तानों, हेलमेट, रॉड और अर्थ चैन जैसे उपकरणों के सुरक्षित और सही इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ज़ोर देकर कहा कि फील्ड में काम करने वाले हर कर्मचारी को अपनी जान की हिफाज़त खुद करनी होगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के बीच सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाना और दुर्घटनाओं को रोकना था।
अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सत्यसेना ने अपील हुए कहा कि :
“राष्ट्रहित में बिजली बचाएं और खुद को सुरक्षित रखें।”

