20 महीने बाद भी नहीं हुआ विद्युतीकरण: कुशीनगर में जूनियर स्कूल में लाखों के उपकरण बने शोपीस
हाटा (कुशीनगर)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्युतीकरण के लिए धन जमा किए जाने के 20 माह बाद भी सुकरौली ब्लॉक के पिड़रा गोविन्द टोला स्थित जूनियर विद्यालय में बिजली का कनेक्शन नहीं लग सका है। विद्युत के अभाव में विद्यालय में लगे उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
लाखों का भुगतान, फिर भी अंधेरा
बेसिक शिक्षा विभाग ने 27 मार्च 2024 को जूनियर विद्यालय पिड़रा के गोविन्द टोला में विद्युतीकरण कार्य के लिए लगभग साढ़े तीन लाख रुपये विद्युत विभाग को हस्तांतरित कर दिए थे। धन प्राप्त होने के बावजूद, विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस कार्य के प्रति उदासीन बने हुए हैं। बिजली न होने के कारण विद्यालय में स्थापित विद्युत उपकरण पूरी तरह से निष्क्रिय हैं और शिक्षण कार्य पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान ने लगाए चक्कर, अधिकारी मौन
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दूधनाथ चौधरी ने इस मामले पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण कराने के लिए विद्युत और शिक्षा विभाग से जुड़े जिम्मेदारों को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र दिए गए। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी इस गंभीर समस्या पर मौन साधे हुए हैं।
विद्युत विभाग का अस्पष्ट जवाब
इस संबंध में जब विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो एक्सीएन (XEN) विद्युत, हाटा सुकरौली, दुर्गेश यादव ने अस्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने कहा, “विद्यालय पर विद्युतीकरण के लिए विभाग से धन की मांग की गई है। धन आते ही विद्युतीकरण का कार्य शुरू करा दिया जायेगा।” यह जवाब तब आया है जब बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगभग 20 माह पहले ही साढ़े तीन लाख रुपये की राशि बिजली विभाग को भेजी जा चुकी है।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल

