ईरान में मेरी हत्या कर दी जाएगी, एलनाज नौरोजी ने बताया क्यों नहीं लौट सकतीं वापस

Sandesh Wahak Digital Desk: रानी मॉडल और कार्यकर्ता एलनाज नौरोजी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं। वह अपने देश ईरान के शासकों के खिलाफ खुलकर बोल रही हैं। हाल ही में उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत पर खुशी जाहिर की थी, जिसके बाद वह और सुर्खियों में आ गईं। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा है कि जब तक मौजूदा सरकार है, वह ईरान वापस नहीं लौट सकतीं, क्योंकि वहां उनकी जान को खतरा है।

ईरान में कदम रखते ही मार दिए जाएंगे

बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में एलनाज ने बताया, एक महीने पहले जो ईरानी इन शासकों का विरोध कर रहे थे, उन्हें मार दिया गया। मैं ईरान में पैर भी नहीं रख सकती। अगर मैंने ऐसा किया तो वे लोग मुझे भी मार देंगे। उन्होंने बताया कि 2022 में माहसा अमीनी की मौत के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण वह ईरान नहीं जा पाई हैं।

22 साल की माहसा अमीनी को सितंबर 2022 में हिजाब ठीक से न पहनने के आरोप में पुलिस हिरासत में लिया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे ईरान में विरोध की लहर दौड़ा दी थी।

एलनाज ने बताया कि वह अमेरिका और इजराइल का समर्थन क्यों करती हैं। उन्होंने कहा, ईरान के ज्यादातर लोग स्मार्ट और पढ़े-लिखे हैं। उनके विचार इस्लामिक रिपब्लिक से नहीं मिलते। एक वक्त था जब ईरान और इजराइल के रिश्ते अच्छे थे। सायरस द ग्रेट, जिसने दुनिया का पहला मानवाधिकार लिखा, वह पर्शियन (ईरानी) था। उसने यहूदियों को बेबीलोन से आजाद करवाया था। शाह (मोहम्मद रजा पहलवी) के समय में भी अमेरिका से अच्छे रिश्ते थे। सिर्फ इस्लामिक रिपब्लिक है जो लगातार इजराइल को मिटाने की बात करता है।

मेरे परिवार को मेरी सुरक्षा की चिंता

एलनाज ने बताया कि जब उन्होंने खामेनेई के खिलाफ बोला तो उनके परिवार को उनकी सुरक्षा की चिंता हो गई। उन्होंने कहा, अगर युद्ध में लोग मारे जाते हैं तो मैं अयातुल्ला को दोष दूंगी। लोग कई बार आए और कहा कि वे उन्हें नहीं चाहते, लेकिन वे नहीं हटे। यह डिक्टेटरशिप है।

कौन हैं एलनाज नौरोजी

एलनाज का जन्म ईरान में हुआ था, लेकिन वह 8 साल की थीं जब उनका परिवार ईरान छोड़कर जर्मनी चला गया। उनके कुछ रिश्तेदार अब भी ईरान में रहते हैं। जर्मनी में उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और 20 साल की उम्र में वह भारत आ गईं। वह कई सालों से ईरान नहीं गई हैं और अब उन्होंने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात में वहां लौटना उनके लिए संभव नहीं है।

Also Read: ईरान हमलों के बाद अमेरिका ने 14 देशों से अपने नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने को कहा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.