एलन मस्क बने दुनिया के पहले 500 अरब डॉलर की नेटवर्थ वाले इंसान
Sandesh Wahak Digital Desk: टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने इतिहास रच दिया है। वे दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिनकी कुल संपत्ति 500 अरब डॉलर के आंकड़े को छू गई है। उनकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि टेस्ला और उनकी अन्य कंपनियों के वैल्यूएशन में तेजी की वजह से संभव हुई है। फोर्ब्स बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक बुधवार शाम 4:15 बजे (अमेरिकी समयानुसार) मस्क की नेट वर्थ 500.1 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी। हालांकि शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते यह थोड़ी घटकर फिलहाल 499.1 अरब डॉलर पर है।
टेस्ला के शेयरों से जुड़ी संपत्ति
मस्क की ज्यादातर संपत्ति टेस्ला के शेयरों से जुड़ी हुई है। 15 सितंबर तक कंपनी में उनकी हिस्सेदारी लगभग 12.4% थी। साल 2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में 14% से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। आखिरी कारोबारी सत्र में भी टेस्ला के शेयर 3.5% चढ़े, जिससे मस्क की संपत्ति में अकेले 8 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ।
टेस्ला पर दोबारा फोकस
मस्क ने हाल ही में व्हाइट हाउस से जुड़े कार्यों में समय देने के बाद दोबारा टेस्ला पर पूरा ध्यान लगाना शुरू किया है। कंपनी की बोर्ड चेयरपर्सन रोबिन डेनहोम ने भी कहा था कि अब मस्क पूरा समय टेस्ला को समर्पित कर रहे हैं। इसके बाद मस्क ने 1 अरब डॉलर के टेस्ला शेयर खरीदने का ऐलान किया, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।
अन्य कंपनियों का बढ़ता मूल्यांकन
मस्क के AI स्टार्टअप xAI का जुलाई तक वैल्यूएशन 75 अरब डॉलर पहुंच चुका है। उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX का मूल्यांकन भी तेजी से बढ़कर करीब 400 अरब डॉलर हो गया है। फोर्ब्स इंडेक्स में मस्क के बाद लैरी एलिसन दूसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 350 अरब डॉलर है, यानी मस्क से लगभग 150 अरब डॉलर कम।
Also Read: स्वच्छता सिर्फ बाहर की नहीं, हमारे विचारों और आचरण की भी होनी चाहिए – वाराणसी CP

