एलन मस्क का Apple पर बड़ा आरोप, कानूनी कार्रवाई की दी धमकी
Sandesh Wahak Digital Desk: टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने टेक दिग्गज Apple पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मस्क ने कहा है कि Apple जानबूझकर अपने ऐप स्टोर में ओपनएआई (OpenAI) को प्राथमिकता दे रहा है, जिसकी वजह से उनका खुद का एआई स्टार्टअप एक्सएआई (xAI) नंबर एक की पोजीशन पर नहीं आ पा रहा है। मस्क ने Apple पर यह आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी है।
Apple ने तराजू पर अपना पूरा वजन रख दिया है
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, Apple इस तरह से काम कर रहा है कि ओपनएआई के अलावा किसी भी एआई कंपनी के लिए ऐप स्टोर में नंबर एक पर आना नामुमकिन हो गया है, यह एक साफ-साफ एंटीट्रस्ट उल्लंघन है। एक्सएआई इस पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करेगा।
एक और पोस्ट में मस्क ने कहा, दुर्भाग्य से, हमारे पास क्या विकल्प बचता है? Apple ने तराजू पर सिर्फ अपना अंगूठा नहीं, बल्कि अपना पूरा वजन रख दिया है।
ग्रोक और चैटजीपीटी के बीच बढ़ रही है टक्कर
मस्क का यह आरोप ऐसे समय में आया है, जब उनके एआई मॉडल ग्रोक (Grok) और ओपनएआई के चैटजीपीटी (ChatGPT) के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। एक्सएआई ने पिछले महीने ही ग्रोक 4 लॉन्च किया था और बेहतर प्रदर्शन का दावा किया था। ग्रोक, ऐप स्टोर की ‘प्रोडक्टिविटी’ कैटेगरी में 60वें नंबर से दूसरे नंबर पर आ गया है, जबकि चैटजीपीटी पिछले एक साल से लगातार पहले या दूसरे नंबर पर बना हुआ है।
Apple ने ऐप स्टोर के संपादकीय सामग्री में चैटजीपीटी को प्रमुखता दी है और इसे अपने Apple इंटेलिजेंस में भी शामिल किया है, जिससे यह सीधे सिरी और राइटिंग टूल में इंटीग्रेट हो गया है। मस्क का आरोप है कि Apple का यह समर्थन सिर्फ लोकप्रियता की वजह से नहीं है, बल्कि जानबूझकर किया गया है।

