फर्जी Video मामले में फंसे एल्विश यादव, राजस्थान पुलिस की छवि खराब करने का आरोप, FIR दर्ज

Sandesah Wahak Digital Desk: यूट्यूबर एल्विश यादव एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार उन पर राजस्थान पुलिस की छवि खराब करने का आरोप लगा है, जिसके चलते उनके खिलाफ साइबर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, एल्विश यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राजस्थान पुलिस ने जयपुर में उनके म्यूजिक वीडियो शूट के दौरान उन्हें एस्कॉर्ट किया। वीडियो में वह कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के बेटे के साथ नजर आए।

एल्विश ने अपनी कार के आगे चल रही एक गाड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा, “राजस्थान पुलिस पूरे दिन मेरा ख्याल रख रही है।” उन्होंने दावा किया कि उन्हें विशेष सुरक्षा दी गई थी।

पुलिस ने किया दावे को खारिज

राजस्थान पुलिस ने एल्विश यादव के इस दावे को फर्जी बताते हुए इसे झूठा प्रचार करार दिया है। पुलिस के अनुसार, एल्विश को कोई आधिकारिक सुरक्षा प्रदान नहीं की गई थी।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) रामेश्वर सिंह ने बताया कि एल्विश को एस्कॉर्ट देने का कोई आदेश नहीं था और पुलिस सुरक्षा केवल तय प्रोटोकॉल के तहत ही दी जाती है। इस मामले को लेकर राजस्थान पुलिस की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने किया पल्ला झाड़ा

इस मामले में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने खुद को और अपने बेटे को पूरी तरह अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके बेटे ने पुलिस एस्कॉर्ट की मांग की थी।

पहले भी विवादों में रहे हैं एल्विश यादव

यह पहली बार नहीं है जब एल्विश कानूनी पचड़े में फंसे हैं। जनवरी में भी उनके खिलाफ गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें उन पर सांप के जहर की तस्करी में संलिप्त होने का आरोप लगा था। इसके अलावा, उन पर इस केस के गवाह को धमकाने के आरोप भी लगे थे। बता दे, राजस्थान पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो एल्विश यादव की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Also Read: मृणाल ठाकुर ने पिता संग देखी ‘इमरजेंसी’, कंगना रनौत की एक्टिंग और डायरेक्शन की तारीफ में कही ये बड़ी बातें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.