Siddharth Nagar: शिक्षक सम्मान समारोह में भावुक विदाई, आदर्श बनने की दी गई सीख
Sandesh Wahak Digital Desk: शिक्षक कभी सेवा से निवृत्त नहीं होता, वह आजीवन समाज का पथ-प्रदर्शक बना रहता है। इसी विचार के साथ ब्लॉक संसाधन केन्द्र बर्डपुर के सभागार में सेवा निवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह एवं शिक्षा उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति एक शासकीय प्रक्रिया भर है, शिक्षक की भूमिका ज्ञान, अनुभव और संस्कारों से हमेशा जीवित रहती है।
उन्होंने सभी शिक्षकों से कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है, वह आदर्श प्रस्तुत करता है और देश के भविष्य का निर्माण करता है।
समय का पालन करें, आदर्श बनें: खंड शिक्षा अधिकारी
कार्यक्रम में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने कहा कि समय का पालन और विद्यालय में नियमित उपस्थिति न सिर्फ शिक्षक की पहचान बनती है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मार्ग भी दिखाती है।

सेवा निवृत्त शिक्षकों को किया गया सम्मानित
समारोह में कंपोजिट विद्यालय नंदनगर के प्रधानाध्यापक बुद्धिराम, मधुबेनिया के प्रधानाध्यापक शब्बीर अनवर अंसारी और प्राथमिक विद्यालय दुल्हा खुर्द के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इब्राहीम को फूलमाला, बैज अलंकरण, अंगवस्त्र, शॉल, धार्मिक ग्रंथ, डायरी, कलम और प्राकृतिक पौधा देकर सम्मानित किया गया। जिला शिक्षक अधिकारी शैलेश कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद को भी पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह और प्राथमिक शिक्षक संघ बर्डपुर के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने बुद्ध की प्रतिमा और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

बालिकाओं ने सरस्वती वंदना से बांधा समां
कंपोजिट विद्यालय काशीपुर की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भावनात्मक और गरिमामय हो गया। कार्यक्रम का संचालन कलीमुल्लाह एवं जिला स्काउट मास्टर महेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शैलेन्द्र कुमार मिश्र द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से आशीष कुमार सिंह, इश्तियाक अहमद, अब्दुल अज़ीज़, सुरेन्द्र चौधरी, पंकज यादव, फौजिया नाज़, ममता श्रीवास्तव, शमा परवीन, रुचि त्यागी समेत दर्जनों शिक्षकों की उपस्थिति रही।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: एससीओ बैठक में भारत ने दिखाया सख्त रुख, राजनाथ सिंह ने संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर करने से किया इनकार

