Lucknow News: बिजली विभाग में 52 लाख का गबन करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, 15 हजार का इनाम था घोषित

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अलीगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने बिजली विभाग के एक फरार कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 52 लाख रुपये से ज्यादा का गबन करने का आरोप था। आरोपी अजय कुमार वर्मा पर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।

आपको बता दें कि यह मामला अप्रैल 2024 का है, जब अजय कुमार वर्मा बिजली विभाग के कैश काउंटर से लाखों रुपये लेकर फरार हो गया था। कार्यकारी इंजीनियर भविष्य कुमार सक्सेना ने इस मामले की शिकायत अलीगंज थाने में दर्ज कराई थी।

कैश लेकर अचानक हुआ था गायब

पुलिस के मुताबिक, अजय वर्मा 1 से 18 अप्रैल 2024 तक कैश काउंटर पर आया कुल 97 लाख 24 हजार 464 रुपये लेकर गया था। इसमें से उसने सिर्फ 44 लाख 69 हजार 42 रुपये ही जमा कराए, और बाकी 52 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। जब विभाग ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

शिकायत के बाद से ही अजय फरार था। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अजय पुरनिया पुल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। अजय वर्मा इंदिरा नगर के सी-ब्लॉक का रहने वाला है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और इस मामले में उसके साथ शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

Also Read: ‘100 रुपये से काम चले तो…’, ओपी राजभर के जन्मदिन को लेकर अखिलेश ने कसा ये तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.