Lucknow News: निष्ठा, मेहनत और इंसानियत से मरीजों की सेवा करने वाले कर्मचारियों को मिला पुरस्कार
Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्वेदिक संस्थान के डायरेक्टर डॉ. प्रो. सीएम सिंह ने 15 से अधिक कर्मयोगी कर्मचारियों को ‘डायरेक्टर्स अवॉर्ड ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और 5000 रुपये का पुरस्कार देकर उनकी निष्ठा, मेहनत और मरीजों के प्रति समर्पण को सराहा गया।
पुरस्कार पाने वालों में एनेस्थीसिया विभाग के सीनियर टेक्निकल ऑफिसर कमल जोशी, डायलिसिस यूनिट के टेक्निकल ऑफिसर जगत वर्मा, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के टेक्निकल ऑफिसर संतोष पांडेय, बायोकेमिस्ट्री विभाग के सीनियर टेक्निकल ऑफिसर अशोक कुमार और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहे।
मरीज का चेहरा खिल उठे, यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी: कमल जोशी
सम्मानित होने के बाद कमल जोशी ने कहा, यहां आने वाले मरीज हमारे लिए परिवार के सदस्य जैसे होते हैं। उनकी देखभाल करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। इंसानियत से बढ़कर कोई काम नहीं और मरीजों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।
मरीज की दुआओं से मिलती है सबसे बड़ी खुशी: जगत वर्मा
डायलिसिस यूनिट के जगत वर्मा ने बताया, यहां आने वाले मरीज पहले से ही बीमारी से परेशान रहते हैं। अगर उन्हें सही सुविधा न मिले तो उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। हम सभी डॉक्टर, नर्स और स्टाफ मिलकर पूरी मेहनत और ईमानदारी से उनकी सेवा करते हैं। जब मरीज ठीक होकर दुआएं देता है, तो लगता है मानो पूरी दुनिया की खुशी मिल गई हो।
बधाई और शुभकामनाएं
सम्मान पाने वाले कर्मचारियों को अजय सिंह, अमरजीत, आकाश पटेल, रमन सिंह, रिंकी सिंह, सार्थक प्रताप सिंह, सुरेश प्रताप सिंह, आस्था सिंह और आशा सिंह ने बधाई दी।
Also Read: स्मृति दिवस पर संगोष्ठी में विभाजन विभीषिका की यादें हुई ताजा

