लखनऊ में शुरू हुआ रोजगार महाकुंभ 2025, सीएम योगी ने किया उद्घाटन
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ 2025 का उद्घाटन किया। इस आयोजन का मकसद हर हाथ को काम, हर युवा को सम्मान के संकल्प को पूरा करना है। यह महाकुंभ 26 से 28 अगस्त तक चलेगा और लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
इस आयोजन को उत्तर प्रदेश में रोजगार और कौशल विकास की एक नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ युवाओं को सीधे उद्योग जगत से जुड़ने का मौका मिलेगा।

100 से ज्यादा कंपनियाँ देंगी 50 हजार से अधिक नौकरियाँ
इस रोजगार महाकुंभ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें देश-विदेश की 100 से भी ज़्यादा नामी-गिरामी कंपनियाँ हिस्सा ले रही हैं। ये कंपनियाँ 50 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी का अवसर देंगी।
इस महाकुंभ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, और स्टार्टअप के क्षेत्र में काम करने वाली बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियाँ जैसे माइक्रोसॉफ्ट, इंटेल, और वाधवानी एआई भी शामिल होंगी। ये कंपनियाँ सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग और हार्डवेयर डिज़ाइन जैसे क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार देंगी। इससे खास तौर पर इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र के युवाओं को बड़ा फायदा मिलेगा।
इसके अलावा, ई-कॉमर्स सेक्टर से फ्लिपकार्ट और अमेज़न वेब सर्विसेज़ (AWS) जैसी कंपनियाँ भी मौजूद रहेंगी। वहीं, वित्तीय और बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर से महिंद्रा जैसी कंपनियाँ भी बड़ी संख्या में नौकरियाँ लेकर आई हैं।
इस तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ में युवाओं को नौकरी पाने के लिए तीन तरह से मौके मिलेंगे।
रोजगार कॉन्क्लेव: यहाँ युवाओं को उद्योग जगत के नेताओं, विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
ऑन-स्पॉट इंटरव्यू: कंपनियाँ यहीं पर इंटरव्यू लेकर तुरंत नौकरी के ऑफर देंगी।
एग्जीबिशन पवेलियन: यहाँ पर युवाओं को राज्य की नई औद्योगिक नीतियों और कौशल विकास मॉडल के बारे में जानकारी मिलेगी।

