सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के पलामू जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रविवार को मनातू के जंगलों में हुए एक मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया। यह मुठभेड़ प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) और सुरक्षाबलों के बीच हुई।

जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर शशिकांत को पकड़ने के लिए शुरू किया गया था। इस अभियान में कोबरा, झारखंड जगुआर और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम शामिल थी। जब ये टीमें जंगलों में तलाशी अभियान चला रही थीं, तभी नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुखदेव यादव मारा गया।

कई गंभीर मामलों में था वांटेड

मुखदेव पर कई गंभीर मामले दर्ज थे। वह 3 सितंबर को पलामू में हुई उस मुठभेड़ में भी शामिल था, जिसमें पुलिस के दो जवान शहीद हो गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार का यह ऑपरेशन अब तक का सबसे बड़ा था, जिसमें 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शशिकांत के दस्ते में 8 से 10 सदस्य हैं, जिनमें मुखदेव और एक और इनामी नक्सली नगीना भी शामिल था।

Bokaro Naxalite encounter

लगातार चलाए जा रहे हैं अभियान

झारखंड पुलिस के अनुसार, राज्य में हर महीने औसतन तीन नक्सली मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि अभी भी 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं। फिलहाल, 58 नक्सलियों पर इनाम घोषित है, जिनका कुल इनाम 5 करोड़ 46 लाख रुपये है।

इस साल नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ी मुठभेड़ 21 अप्रैल को हुई थी, जब बोकारो जिले के लुगु पहाड़ पर 1 करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी सहित आठ माओवादी मारे गए थे। झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल-मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ लगातार अभियान चला रहे हैं। इस साल जनवरी से अब तक कुल 24 नक्सली मारे जा चुके हैं।

Also Read: Jaunpur News: डबल मर्डर से इलाके में दहशत, घर लौट रहे दो भाइयों को बदमाशों ने मारी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.