जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने दो आतंकी किए ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना के मुताबिक, एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया।
कैसे चला ऑपरेशन?
सूचना मिलते ही सेना ने देगवार सेक्टर में इलाके को घेर लिया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसा दीं। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और आतंकी छिपा न हो।
पाकिस्तान से घुसपैठ की कोशिश?
सूत्रों का कहना है कि मारे गए आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। ऑपरेशन के बाद बरामद हथियार और गोला-बारूद से यह साफ हो गया है कि ये आतंकी किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे थे।
इससे पहले मंगलवार को श्रीनगर के लिडवास इलाके में ऑपरेशन महादेव के तहत सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया था। ये आतंकी हाल ही में पहलगाम में हुए हमले में शामिल थे।
ऑपरेशन के दौरान घने जंगलों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और कई दिनों का राशन बरामद हुआ। सेना ने बताया कि मारे गए आतंकी टीआरएफ से जुड़े थे, जिनमें लश्कर से संबद्ध आतंकी मूसा भी शामिल था।
Also Read: ‘ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं है, जरूरत पड़ी तो फिर चलेगा’, संसद में पीएम मोदी का…

