साहब…बिजली जोड़ने के लिए लाइनमैन मांग रहा 2 हजार रुपये, उपभोक्ता की शिकायत पर भड़के ऊर्जा मंत्री

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अचानक हुसैनगंज स्थित 1912 हेल्पलाइन कंट्रोल रूम का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और सिस्टम की खामियां सामने आ गईं।

बहराइच जिले के कैसरबाग गड़रियापुरवा के एक उपभोक्ता की शिकायत ने मंत्री को झकझोर कर रख दिया। फोन पर उपभोक्ता ने बताया कि उसका घर रंजीतपुर उपकेंद्र के अंतर्गत आता है, जहां लाइनमैन ने बिना कारण बिजली काट दी और कनेक्शन दोबारा जोड़ने के लिए दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी। यह सुनते ही मंत्री भड़क उठे। उन्होंने तुरंत मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल से बात की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कुछ ही घंटों में जांच पूरी हुई और दोषी संविदा लाइनमैन नेपाली बाबू को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। एमडी रिया केजरीवाल ने बताया कि लाइनमैन ने जानबूझकर उपभोक्ता को परेशान किया था।

निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने सिस्टम की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने एमडी से पूछा, “जब 1912 की शिकायतें सीधे आपके पास पहुंचती हैं तो आपने खुद कभी बैठकर कोई शिकायत देखी है?” उन्होंने कहा कि सिस्टम में तकनीक तो है, लेकिन जिम्मेदारी और जवाबदेही की कमी है।

हेल्पलाइन निरीक्षण के बाद ऊर्जा मंत्री विधानसभा उपकेंद्र भी पहुंचे। वहां उन्होंने जेई उज्ज्वल झा से ट्रिपिंग के बारे में जानकारी ली। जेई ने बताया कि पूरे दिन में एक भी ट्रिपिंग नहीं हुई। मंत्री बिना कुछ कहे लौट गए, लेकिन उनके चेहरे पर नाराजगी साफ नजर आई।

 

Also Read: लखनऊ नगर निगम में अफसरशाही हावी या प्रोटोकॉल की अनदेखी? मेयर ने नगर आयुक्त से मांगा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.