करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में ईओडब्ल्यू ने राजकुंद्रा से की पूछताछ
Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में फँस गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के एक मामले में उनके खिलाफ जांच तेज कर दी है। इस मामले में राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए तलब किया गया था और उनका बयान भी दर्ज कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने अपने बयान में बताया कि राज कुंद्रा को अगले हफ्ते फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
शिकायतकर्ता कारोबारी दीपक कोठारी का आरोप है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने मिलकर उन्हें 60 करोड़ रुपये का चूना लगाया। कोठारी ने दावा किया है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच राज कुंद्रा को बिजनेस बढ़ाने के लिए यह रकम दी थी। लेकिन, बाद में उन्हें पता चला कि यह पैसा बिजनेस में नहीं, बल्कि पति-पत्नी के निजी खर्चों में इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई थी कि शिल्पा शेट्टी का बांद्रा स्थित मशहूर रेस्टोरेंट ‘बैस्टियन’ बंद होने वाला है। इस खबर पर शिल्पा ने तुरंत सफाई देते हुए कहा, मैं बैस्टियन को बंद नहीं कर रही हूँ, यह सिर्फ अफवाह है। उन्होंने आगे बताया कि वे बैस्टियन के तहत दो नए रेस्टोरेंट खोलने जा रही हैं। इनमें से एक अम्माकाई होगा, जिसमें दक्षिण भारतीय मैंगलोरियन खाना मिलेगा, और दूसरा बैस्टियन बीच क्लब जुहू में खुलेगा। उनका मकसद लोगों को नए स्वाद और अनुभव देना है।
Also Read: Gorakhpur News: गोलीबारी से युवक की मौत पर गुस्साए लोग, गोरखपुर में पुलिस पर पथराव और आगजनी

