राज कुंद्रा-शिल्पा शेट्टी धोखाधड़ी केस में शिकंजा कसना शुरू, EOW ने कंपनी के 4 पूर्व कर्मचारियों को भेजा समन

Sandesh Wahak Digital Desk: व्यवसायी से 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस केस में एक नया अपडेट आया है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने जाँच को आगे बढ़ाते हुए शिल्पा शेट्टी की कंपनी बेस्ट डील प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले चार पूर्व कर्मचारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

आर्थिक अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चार में से एक कर्मचारी पेश हो चुका है और उसका बयान दर्ज कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन कर्मचारियों से भी जल्द ही पूछताछ की जाएगी। टीम इस बात की जाँच कर रही है कि क्या राज कुंद्रा की कंपनी के पास वास्तव में ग्राहकों के इतने बड़े ऑर्डर थे कि उन्हें पूरा करने के लिए व्यवसायी से 60 करोड़ रुपये का लोन लेना पड़ा? और क्या इस लोन को टैक्स बचाने के लिए निवेश के तौर पर दिखाया गया था?

EOW यह भी पता लगा रही है कि कर्मचारियों को सैलरी कहाँ से दी जाती थी, क्या यह कंपनी की कमाई से आती थी, या पैसे कहीं और से लाए जाते थे? साथ ही, कंपनी के दफ़्तरों की फ़र्निशिंग में ख़र्च किए गए 20 करोड़ रुपये की जाँच भी की जाएगी। EOW अब कंपनी के प्रोडक्ट सप्लायरों, विज्ञापन देने वाली कंपनियों और फ़र्निशिंग करने वाली कंपनियों से भी पूछताछ करेगी।

दोबारा पूछताछ की आशंका

अधिकारियों ने साफ किया है कि अगर पूछताछ में कुछ भी संदिग्ध पाया जाता है, तो अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा से दोबारा पूछताछ की जाएगी। याद दिला दें कि इससे पहले शिल्पा शेट्टी ने विदेश जाने की इजाज़त मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका यह कहकर ठुकरा दी थी कि पहले धोखाधड़ी का पैसा भरें और फिर जहाँ जाना है, वहाँ जाएँ।

Also Read: गर्भ में पल रहे शिशु तक पहुंच रहा प्रदूषण का जहर, IIT दिल्ली की स्टडी में बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.