Etah News: 50 लाख की नकली कोडीन कफ सीरप समेत 4 गिरफ्तार
Etah News: आगरा की एंटी नार्कोटिक्स टीम और अलीगंज थाना पुलिस ने रविवार की रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में करीब पचास लाख रुपये कीमत का नकली कोडीन कफ सीरप बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक रिटायर्ड फौजी भी शामिल है।

तंबाकू गोदाम से 47 पेटी सीरप बरामद
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के नगला बनी स्थित एक तंबाकू गोदाम में की गई। आगरा नार्कोटिक्स टीम और अलीगंज थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 47 पेटी कोडीन कफ सीरप बरामद किया। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि यह सीरप बद्दी की कम्पनी विंग्स का बना हुआ बताया जा रहा है। बरामद सीरप के रैपर पर बैच नंबर खरोंचा हुआ पाया गया है, जिससे इसके नकली होने की आशंका और गहरी हो गई है।
दरअसल यह पूरी कार्रवाई नार्कोटिक्स के पुलिस उपाधीक्षक उमेश पवार, अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग और नार्कोटिक्स पुलिस इंस्पेक्टर हरविंद्र मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस और नार्कोटिक्स टीम ने बरामद नकली कफ सीरप को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय सिंडीकेट से जोड़े जा रहे तार
नार्कोटिक्स विभाग इस मामले में बनारस के दवा कारोबारी और अंतरराष्ट्रीय सिंडीकेट से जुड़े आरोपी शुभम जायसवाल से भी इस बरामदगी के तार जोड़कर देख रहा है। प्रदेश भर में उसके खिलाफ हुई पिछली कार्रवाइयों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद तंबाकू गोदाम में छापेमारी कर यह बड़ी खेप पकड़ी गई।
नार्कोटिक्स और पुलिस टीम ने इस मामले में आरोपी जितेंद्र यादव, जितेंद्र शाक्य, प्रमोद शाक्य और रिटायर्ड फौजी पंजाब सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Also Read: Lucknow News: फरियादियों के लिए करें रैन बसेरों में रुकने की व्यवस्था- CM योगी

