Etah News: घर में घुसकर परिवार के चार लोगों का बेरहमी से कत्ल, फर्श पर बिछ गईं लाशें, इलाके में दहशत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सोमवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसकर परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। मरने वालों में बुजुर्ग दंपत्ति, उनकी बहू और पोती शामिल हैं। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और लोगों में भारी दहशत है।

दिनदहाड़े मौत का तांडव

वारदात कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला ‘नगला प्रेमी’ की है। यहाँ रहने वाले 75 वर्षीय गंगा सिंह यादव के घर में हमलावरों ने घुसकर खूनी खेल खेला। बदमाशों ने घर के अंदर मौजूद लोगों पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया। चीख-पुकार सुनकर जब तक कोई कुछ समझ पाता, हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो अंदर का नजारा रूह कंपा देने वाला था। घर के फर्श और बेड पर खून से सनी लाशें पड़ी थीं।

मृतकों की पहचान

गंगा सिंह यादव (75 वर्ष)

श्यामा देवी (70 वर्ष) – गंगा सिंह की पत्नी

रत्ना (42 वर्ष) – बहू (कमल सिंह की पत्नी)

ज्योति (20 वर्ष) – पोती (कमल सिंह की पुत्री)

पुलिस के मुताबिक, श्यामा देवी का सिर बुरी तरह फटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने किसी भारी और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया है। तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चौथे सदस्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

जांच में जुटे पुलिस के आला अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँच गए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और लूटपाट जैसे सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

इतनी बड़ी वारदात ने जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Also Read: लखनऊ: प्रेमिका से शादी नहीं हुई तो चाची को दी दर्दनाक मौत, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.