Etawah News: शराब के नशे में चालक ने उड़ाई कार, मकान क्षतिग्रस्त – चालक गिरफ्तार
Etawah News: भरथना कस्बे में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार और नशे में धुत कार चालक ने बेकाबू होकर अपनी गाड़ी निर्माणाधीन मकान में घुसा दी। हादसे में जहां मकान को भारी नुकसान पहुंचा, वहीं सड़क पर घूम रहे एक कुत्ते की मौत हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई इंसानी जनहानि नहीं हुई।
यह घटना भरथना-ऊसराहार मार्ग के ब्रह्मनगर मोहल्ले की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में बाजार की ओर से आ रही थी। अचानक गाड़ी मकान की सीढ़ियों से टकराई और पलटकर सीधे एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा मोहल्ला दहल उठा और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था और गाड़ी से स्टंट कर रहा था, तभी नियंत्रण खो बैठा।
दोस्त मौके से फरार, चालक पुलिस की पकड़ में
हादसे के दौरान कार में मौजूद चालक का एक साथी और दो बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। मकान मालिक नितिन यादव ने बताया कि कार मकान से टकराने के कारण दीवारें और ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन में होती, जब सड़क पर लोगों की भीड़ रहती है, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि नशे में गाड़ी चलाना कितना खतरनाक हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवकों की तलाश जारी है।
Also Read: Jaunpur News: अवैध संबंधों के कारण हुई थी महिला की हत्या, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

