Etawah News: कार से लेकर ट्रैक्टर तक पर जीएसटी कम, इटावा में बोले मंत्री धर्मवीर प्रजापति
Etawah News: उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति शुक्रवार को इटावा के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिंचाई बंगले के परिसर में पौधारोपण किया और मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी (GST) कम किए जाने के फैसले की सराहना की। मंत्री ने कहा कि इस निर्णय से मध्यम वर्ग के साथ-साथ किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
बाजारों में दिखा असर, कारों की बिक्री में बढ़ोतरी
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं और गाड़ियों पर जीएसटी कम होने का असर बाजारों में साफ नजर आ रहा है। कारों की बिक्री इतनी बढ़ गई है कि शोरूम में स्टॉक खत्म हो गया है और ग्राहकों को इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए भी ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर भारी छूट दी गई है, जिससे खेती किसानी में सहूलियत होगी।
मंत्री ने बताया कि खाने-पीने के सामान पर लगने वाला जीएसटी भी घटाया गया है। जहां पहले 28% जीएसटी लगता था, अब 18% लगेगा। इसी तरह 18% जीएसटी वाले सामान पर अब 12% और 12% जीएसटी वाले सामान पर सिर्फ 5% टैक्स लगेगा। इसमें दूध, घी, मक्खन, चिप्स, टूथपेस्ट, साबुन और शैंपू जैसे जरूरी सामान शामिल हैं।
त्योहार से पहले सरकार का तोहफा
धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि धनतेरस और दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। बर्तनों पर लगने वाले जीएसटी में भी कटौती की गई है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया और कहा कि सरकार मध्यम वर्ग और किसानों दोनों के हित में लगातार काम कर रही है।
Also Read: Meerut News: मोबाइल टावर की बैट्री और डीजल चुराने वाले गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार, STF ने की कार्रवाई

