सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, झुग्गी में रह रहे हर परिवार को मिलेगा पक्का मकान, 700 करोड़ का फंड जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास को लेकर एक बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने साफ किया कि दिल्ली में दशकों पुरानी झुग्गियां अब विकास की नई दिशा देखेंगी और उनकी सरकार झुग्गी में रह रहे हर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में जगह-जगह बसी झुग्गी बस्तियाँ 30 से 40 साल या उससे अधिक पुरानी हैं। कई लोग नौकरी की तलाश में दिल्ली आए और यहीं बस गए, आज इनके घरों में दूसरी पीढ़ी जन्म ले चुकी है, जो पूरी तरह दिल्ली की ही नागरिक बन चुकी है।

दिल्ली की हर एक झुग्गी परिवार को पक्का मकान दिया जाएगा। यह दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में मेरा वादा है। गरीबों के सिर पर मजबूती की छत देना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि दशकों तक झुग्गियों को केवल नाम (जैसे संजय कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी) देने का काम हुआ, लेकिन उनके विकास का काम नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भी झुग्गीवासियों को घर देने का वादा किया था और मकान बनवाए भी, लेकिन एक भी झुग्गीवासी को वे मकान नहीं दिए। वे मकान धीरे-धीरे जर्जर होते चले गए, लेकिन उन्हें जरूरतमंद गरीबों को नहीं सौंपा गया। रेखा गुप्ता ने कहा कि अब परिस्थितियाँ बदलेंगी।

झुग्गियों में रहने वाले लोगों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए उनकी सरकार तेजी से नीतियाँ लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में सर्वे का काम शुरू हो चुका है और व्यापक रूप से पुनर्विकास योजनाएँ लागू होंगी। मुख्यमंत्री ने अंत में घोषणा की कि दिल्ली की झुग्गी बस्ती के विकास कार्य के लिए 700 करोड़ रुपए का फंड दिया गया है।

Also Read: राष्ट्रपति ने 75वें संविधान दिवस पर कहा- लोकतंत्र की मजबूत नींव से भारत बन रहा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

Get real time updates directly on you device, subscribe now.