EVM पर अब दिखेगी उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीर, बिहार चुनाव से होगी शुरुआत
Sandesh Wahak Digital Desk: चुनाव आयोग ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है, जिससे वोटरों को काफी सुविधा मिलेगी। अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्ह के साथ उनकी रंगीन (कलर) तस्वीरें भी होंगी। इस नई व्यवस्था की शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव से की जाएगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि अक्सर एक ही नाम वाले कई उम्मीदवार होने से वोटर्स के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस कंफ्यूजन को खत्म करने के लिए ही यह कदम उठाया गया है। आयोग की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि फोटो ईवीएम के तीन-चौथाई हिस्से पर छापी जाएगी, ताकि वोटर को तस्वीर साफ-साफ दिखाई दे। यह पहल चुनाव प्रक्रिया को और भी बेहतर बनाने के लिए पिछले छह महीनों में उठाए गए 28 कदमों में से एक है।
नाम और NOTA भी दिखेंगे बड़े
ईवीएम पर अब उम्मीदवारों के नाम और NOTA (इनमें से कोई नहीं) का विकल्प भी बड़े फॉन्ट और साफ अक्षरों में दिखेगा। इससे सभी वोटरों को पढ़ने में आसानी होगी। उम्मीदवारों के नाम भी एक ही तरह के फॉन्ट में होंगे, ताकि किसी के साथ कोई भेदभाव न हो।
चुनाव आयोग जल्द ही पूरे देश में ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) शुरू करने की तारीख तय करेगा। इसके तहत साल के अंत से पहले मतदाता सूची की समीक्षा का काम शुरू हो सकता है। आयोग ने कहा कि ज्यादातर राज्यों में मतदाताओं को कोई दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उनके नाम पिछली SIR के बाद तैयार हुई मतदाता सूची में शामिल होंगे।
Also Read: Jaunpur News: आकाशीय बिजली गिरने से तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

