‘महंगी गैस, महंगा तेल-मोदी योगी दोनों फेल’, सपा महिला विंग ने गैस की अर्थी निकाल कर किया प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला विंग ने शुक्रवार को एक बेहद भावुक और तीखा प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्थित सपा मुख्यालय पर महिलाओं ने गैस सिलेंडर को ‘शव’ का रूप देकर उसकी बाकायदा अर्थी निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“गैस सिलेंडर की मौत”: कफन ओढ़ाकर किया मातम
सपा कार्यालय के बाहर का नजारा देख हर कोई हैरान रह गया। महिला कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर पर सफेद कपड़ा (कफन) ओढ़ा रखा था और उसके चारों ओर बैठकर किसी परिजन की मृत्यु की तरह विलाप कर रही थीं। महिलाएं छाती पीटते हुए कह रही थीं— “अब हम अपने बच्चों को कैसे पालेंगे, सिलेंडर हमें छोड़कर चला गया, अब हम क्या करेंगे?” वाराणसी ले जाकर सिलेंडर का ‘गंगा स्नान’ कराने की तैयारी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा प्रदेश सचिव मनीषा ने बताया कि यह विरोध केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि आम जनता के दर्द की आवाज है। उन्होंने ऐलान किया कि इस ‘सिलेंडर रूपी शव’ की अर्थी को वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां इसे प्रतीकात्मक रूप से गंगा स्नान कराया जाएगा।
नारेबाजी से गूंजा कैसरबाग: “मोदी तेरे सरकार में, कटोरा हाथ में”
सपा कार्यालय से निकलकर सड़कों पर उतरीं कार्यकर्ताओं के हाथों में खाली बर्तन और पोस्टर थे, जिन पर लिखा था— “महंगी गैस, महंगा तेल-मोदी योगी दोनों फेल”।
सीमा यादव (कार्यकर्ता) ने कहा “पहले आधार, फिर नोटबंदी और अब महंगी गैस ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। गरीब आदमी के लिए दो वक्त का खाना बनाना दूभर हो गया है।” प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के नाम पर दिए गए सिलेंडर अब धूल फांक रहे हैं क्योंकि रिफिल कराना आम आदमी की पहुंच से बाहर है।
Also Read: लखनऊ में ईद की सुरक्षा अभेद्य: 5 जोन, 18 सेक्टर और 2 हजार जवानों का पहरा, ड्रोन से रखेंगे नजर

